जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएमसी अनंतनाग (GMC Anantnag) के पूर्व वरिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टर आदिल अहमद राथर को गिरफ्तार किया है। डॉक्टर के खिलाफ आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से संबंधों के आरोप लगे हैं।

पुलिस ने डॉक्टर के निजी लॉकर से AK-47 राइफल बरामद की है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, राथर की निशानदेही पर हरियाणा के फरीदाबाद से 300 किलो आरडीएक्स, एक और AK-47 और भारी मात्रा में गोला-बारूद भी जब्त किया गया है।

कौन हैं डॉक्टर आदिल अहमद राथर?

डॉ. आदिल अहमद राथर अनंतनाग जिले के काजीगुंड निवासी हैं। वह 24 अक्टूबर 2024 तक सरकारी मेडिकल कॉलेज, अनंतनाग में वरिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टर के रूप में कार्यरत थे।

पुलिस के अनुसार, राथर को अंबाला रोड से गिरफ्तार किया गया, जहां वे फरारी के दौरान छिपे हुए थे। उन पर श्रीनगर में जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाने का आरोप भी है। इन पोस्टरों के जरिए उन्होंने आतंकी संगठन के पक्ष में संदेश फैलाने की कोशिश की थी।

पुलिस की कार्रवाई और केस दर्ज

जांच के दौरान जब पुलिस ने डॉक्टर के जीएमसी अनंतनाग स्थित लॉकर की तलाशी ली, तो उसमें से AK-47 राइफल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

डॉ. राथर के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 7/25 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम – UAPA की धारा 13, 28, 38 और 39 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जांच में क्या-क्या सामने आया?

श्रीनगर पुलिस और जेआईसी अनंतनाग की संयुक्त जांच टीम अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि राइफल डॉक्टर के पास कैसे पहुंची और क्या वह किसी बड़े आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा था।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि, “जांच अभी शुरुआती चरण में है, लेकिन कुछ अहम सुराग मिले हैं जो जैश-ए-मोहम्मद से संभावित कनेक्शन की ओर इशारा करते हैं।”
आदिल अहमद राथर से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि आतंकी नेटवर्क और संभावित सहयोगियों का पता लगाया जा सके।