राजनांदगांव में मंगलवार को बाजार में भेल और गुपचुप खाने के बाद 71 लोग बीमार हो गए। इनमें 47 बच्चे शामिल हैं और सभी बच्चों की उम्र 6 से 15 साल के बीच बताई जा रही है। फूड प्वॉइजनिंग के बाद सभी बच्चों को पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। वहां देर रात तक कलेक्टर सहित अन्य अफसर डटे रहे। फिलहाल सभी मरीजों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

ठेलकाडीह क्षेत्र के गातापारा कला में मंगलवार को साप्ताहिक बाजार लगा था। इसमें गांव के लोग गए हुए थे। कुछ लोगों ने ठेले से गुपचुप और भेल खाया था। खाने के बाद जब लोग अपने-अपने घर लौटे तो एक-एक कर सभी को उल्टी-दस्त शुरू हो गई। भेल और गुपचुप खाने के बाद 71 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। जिसमें 47 बच्चें शामिल हैं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है।

कैंप लगाकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच

बच्चों की स्थिति में सुधार नहीं होते देख सभी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जानकारी मिलने पर देर रात कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। वह काफी देर तक अस्पताल में रहे और बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं SDM के साथ स्वास्थ्य विभाग की एक टीम को गांव भेजा गया है। वहां पर सभी ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कराई जा रही है।