रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में छत्तीसगढ़ी कला एवं संस्कृति पर आधारित ‘‘मोर माटी’’ एप्प को लॉन्च किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि छत्तीसगढ़िया संस्कृति को बढ़ावा देने और उसके प्रचार-प्रसार के लिए मोर माटी एप्प जैसा नवाचार शुरू किया गया है। छत्तीसगढ़ की हजारों साल पुरानी कला और संस्कृति को जीवित रखने के साथ-साथ इसे देश और दुनिया में फैलाने में मोर माटी एप्प ध्वजवाहक साबित होगी। उन्होंने इसके लिए सभी कलाकारों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मोर माटी एप्प से छत्तीसगढ़ के कलाकारों को भी एक अलग पहचान मिलेगी।

मोर माटी एप्प से छत्तीसगढ़ी संस्कृति मे रचे बसे नाचा, गम्मत, पंडवानी, करमा, ददरिया, हल्बी, गोड़ी, सादरी गीत के साथ-साथ सभी छत्तीसगढ़ी फिल्में और वेबसीरीज तथा छत्तीसगढ़ी गाने देखने को मिलेंगे। राज्य की संस्कृति को बढ़ावा देने छत्तीसगढ़ का पहला ओटीटी एप ‘मोर माटी’ का निर्माण किया गया है। इस एप्प से छत्तीसगढ़ी कलाकारों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी फिल्म को भी प्रोत्साहन मिलेगा।