अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज के मातृ शिशु अस्पताल के नर्सों और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इलाज कराने आए बच्चों के परिजनों ने जमकर हगामा किया। परिजनों ने हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया। सूरजपुर जिले के रघुनाथनगर से अपने नवजात बच्चे का इलाज कराने आए महेश जायसवाल ने अस्पताल के नर्सो और डॉक्टर पर ठीक से इलाज नहीं करने का आरोप लगाया है।

मातृ शिशु अस्पताल में लगातार चार बच्चों की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फुट पड़ा और अस्पताल में हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया। इतना ही नहीं महेश ने अस्पताल के कर्मचारियों पर यह भी आरोप लगाया कि कमीशन के लालच में शासकीय अस्पताल में इलाज कराने आए दूरदराज के मरीजों को निजी अस्पताल में भेज दिया जाता है ।

जहां पर इलाज के नाम पर निजी अस्पताल इन मरीज के परिजनों से मोटा पैसा वसूल करते हैं । वहीं दूसरी तरफ मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टर ने इन आरोपों को नकार दिया है और सभी बच्चों को सही इलाज करने की बात कही है ।