बच्चों को सुरक्षित बचपन और बेहतर भविष्य देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में बाल विवाह के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान को नई गति दी जा रही है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय जन-संवाद कार्यक्रम में कहा कि बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और उनके सपनों को पूरा करने के लिए परिवार के साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी है।
कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही प्रदेश में 100 दिवसीय जन-जागरण अभियान का शुभारंभ हुआ।
बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा पर हुआ जन-संवाद
अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किया।
इस दौरान बाल विवाह की रोकथाम, बच्चों के अधिकारों और सामाजिक जागरूकता की आवश्यकता पर चर्चा की गई। बाल प्रहरियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे किस तरह बाल विवाह रोकने के लिए लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
बाल विवाह रोकने में साहसिक भूमिका निभाने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों ने बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ ली।
गांव-गांव तक पहुंचेगा जागरूकता अभियान
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास को प्रभावित करता है। कम उम्र में विवाह होने से उनकी पढ़ाई बाधित हो सकती है और भविष्य के अवसर सीमित हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 27 नवंबर 2024 को शुरू हुआ बाल विवाह मुक्त भारत अभियान बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश को बाल विवाह से मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बाल विवाह मुक्ति रथ के माध्यम से जागरूकता संदेश लोगों तक पहुंचाने और समुदाय को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में 800 से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए
मंत्री ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ में 10 मार्च 2024 को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की शुरुआत की गई थी। इस अभियान में पंचायतों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्थानीय प्रशासन और समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि बालोद जिले की 436 ग्राम पंचायतों और 9 नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त होने का प्रमाणपत्र दिया गया है। वहीं सूरजपुर जिले की 75 ग्राम पंचायतें भी बाल विवाह मुक्त घोषित की गई हैं।
प्रदेश में सूचना मिलने पर 800 से अधिक बाल विवाह रुकवाए जा चुके हैं। बच्चों की सहायता और सुरक्षा के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 भी सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
बेटियों को सशक्त बनाने में सरकारी योजनाओं की भूमिका
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर देना बाल विवाह की रोकथाम का महत्वपूर्ण आधार है।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नोनी सुरक्षा योजना और महतारी वंदन योजना जैसी पहल महिलाओं और बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें और इसकी रोकथाम में सहयोग दें।
वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत का लक्ष्य
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार ने प्रदेश में बाल विवाह की स्थिति और रोकथाम के प्रयासों की जानकारी दी। अन्य अतिथियों ने भी बाल अधिकारों की सुरक्षा और बाल विवाह उन्मूलन में विभिन्न संस्थाओं की भूमिका पर विचार साझा किए।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि वर्ष 2030 तक छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य सामूहिक प्रयासों और निरंतर जागरूकता से हासिल किया जा सकता है।
बाल विवाह मुक्ति रथ बच्चों को सुरक्षित बचपन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त किया जा सकता है।
यह भी पढ़े: छत्तीसगढ़ में रियल एस्टेट को मिलेगा नया अवसर, सीएम साय ने बताया विजन