बलौदाबाजार आगजनी और हिंसा प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई को और तेज करते हुए छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल को प्रोडक्शन वारंट के जरिए रायपुर जेल से बलौदाबाजार लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी को सीधे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

यह गिरफ्तारी मामले की गहन जांच के तहत की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अब तक इस प्रकरण में 201 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। जांच एजेंसियां घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभव बताई जा रही हैं।

अमित बघेल पहले से ही कई आपराधिक मामलों में न्यायिक अभिरक्षा में हैं। महाराजा अग्रसेन और सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल को लेकर दिए गए कथित विवादित बयानों के बाद रायपुर के विभिन्न थानों में उनके खिलाफ कई एफआईआर दर्ज की गई थीं।

27 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति से जुड़े बयान के बाद प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए थे। इस प्रकरण में छत्तीसगढ़ के अलावा राजस्थान, गुजरात, दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और झारखंड समेत 12 राज्यों में केस दर्ज किए गए हैं।

प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और स्पष्ट किया है कि मामले की जांच निष्पक्ष एवं कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ेगी।