छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक आंचलिक करम पूजा महोत्सव 2026 जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम बनगांव में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय महोत्सव के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने करम राजा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान भगवान महादेव, माता पार्वती, छत्तीसगढ़ महतारी और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर नमन किया।
मांदर की थाप पर नर्तक दलों के साथ थिरके मुख्यमंत्री
बनगांव करम परब महोत्सव में जनजातीय संस्कृति की आकर्षक झलक देखने को मिली। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नर्तक दलों और उरांव समाज के 6 हजार से अधिक लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में करम राजा के चारों ओर मांदर और ढोल-नगाड़ों की थाप पर सामूहिक नृत्य किया। मुख्यमंत्री साय भी कलाकारों के साथ पारंपरिक नृत्य में शामिल हुए और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी को करम परब की शुभकामनाएं दीं।
बनगांव में सामाजिक भवन और सीसी रोड के लिए राशि की घोषणा
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात देते हुए ग्राम बनगांव में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और सीसी रोड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही बनगांव में अखड़ा निर्माण तथा सहसपुर में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा भी की गई।
जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि करम परब जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और पूर्वजों की अमूल्य धरोहर का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति के प्रति प्रेम, सम्मान और संरक्षण की भावना को अभिव्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने अपनी भाषा, लोकगीतों, लोकनृत्यों और रीति-रिवाजों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है।
उन्होंने युवा पीढ़ी से आधुनिक शिक्षा और विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री के अनुसार ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के ज्ञान और जीवन मूल्यों से परिचित कराते हैं।
जनजातीय वीर नायकों के शौर्य और बलिदान को किया याद
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए रानी दुर्गावती, भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर, गेंद सिंह और वीर बुधु भगत जैसे महान नायकों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि इन वीरों ने अपने साहस, संघर्ष और बलिदान से देश के इतिहास में अमिट स्थान बनाया है। उनका जीवन समाज को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने और जनहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
जशपुर में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं का हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जशपुर जिले के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। जिले में मेडिकल की पढ़ाई शुरू हो चुकी है। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आर्चरी अकादमी विकसित की जा रही है। वहीं कुनकुरी विकासखंड के हर्राडांड़ में 400 केवी विद्युत सब स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। जिले में सड़क, पुल-पुलिया, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास की सुविधाएं जशपुर के प्रत्येक गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। बनगांव करम परब महोत्सव जैसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ सामाजिक एकजुटता को भी बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, महोत्सव समिति के अध्यक्ष वेद प्रकाश भगत, कार्यकारी अध्यक्ष बलराम भगत सहित आयोजन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें – रायपुर : डीएमएफ की कार्ययोजना में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना को दें प्राथमिकता – राज्यपाल श्री डेका