छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। नेशनल पार्क क्षेत्र में चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में कुल 6 माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 4 महिला नक्सली शामिल हैं। मुठभेड़ स्थल से आधुनिक हथियारों का जखीरा भी जब्त किया गया है।
मुठभेड़ में बरामद हुए 6 ग्रेडेड हथियार
पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को हुई ताजा मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान 2 और वर्दीधारी माओवादी कैडरों के शव मिले। इनके पास से 1 INSAS राइफल और 1 .303 राइफल बरामद की गई। अब तक के पूरे ऑपरेशन में AK-47, INSAS, कार्बाइन और .303 राइफल समेत कुल 6 ग्रेडेड हथियार जब्त किए जा चुके हैं।
17 जनवरी से लगातार जारी है सर्च ऑपरेशन
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के जंगल और पहाड़ी इलाकों में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर 17 जनवरी 2026 से डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच कई बार रुक-रुक कर फायरिंग हुई।
कुख्यात माओवादी कैडरों की हुई पहचान
अब तक की पहचान प्रक्रिया में मारे गए माओवादी कैडरों की पहचान नेशनल पार्क एरिया कमेटी के सक्रिय और कुख्यात सदस्यों के रूप में की गई है। इनमें DVCM दिलीप बेड़जा, ACM माड़वी कोसा, ACM लक्खी मड़काम और पार्टी मेंबर राधा मेट्टा शामिल हैं। शेष दो माओवादियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
IG बस्तर का बयान
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि डीआरजी, कोबरा, एसटीएफ, स्थानीय पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बल पूरी प्रतिबद्धता के साथ बस्तर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रहे हैं। सशस्त्र माओवादी कैडरों के खिलाफ समन्वित और निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी।
इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी
मुठभेड़ के बाद आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्चिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के पूर्ण होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट अलग से साझा की जाएगी।
Krishna sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
