बिलासपुर कांग्रेस कमेटी में चल रही गुटबाजी इतनी बढ़ गई है कि गुरुवार को शहर कांग्रेस कमेटी ने अनुशासनहीनता के आरोप में अपने ही विधायक को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने की अनुशंसा कर दी। गुरुवार को हुई बैठक के बाद शहर कार्यकारिणी ने ये फैसला लिया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद नायक ने कहा कि विधायक शैलेष पांडेय ने कोतवाली में हंगामा किया और कहा कि वह टीएस सिंहदेव के समर्थक हैं, इसलिए उनके खिलाफ मामला दर्ज हो रहा है। यह पार्टी विरोधी गतिविधि है। उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित करने का प्रस्ताव पूरी कमेटी ने पारित किया है।
बता दें कि विधायक शैलेष पांडेय और कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही है। इससे पहले भी दोनों एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करते रहे हैं। पांडेय की पिछले कुछ दिनों से सिंहदेव के समर्थकों में गिनती हो रही है। एक और टीएस समर्थक पंकज सिंह पर एफआईआर होने के बाद यह नया विवाद खड़ा हुआ है। पंकज सिंह पर मामला दर्ज होने के खिलाफ विधायक पांडेय अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे थे। वहां समर्थकों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी। इसी दौरान मीडिया से विधायक शैलेष पांडेय ने कहा था कि वह और पंकज स्वास्थ्य मंत्री के समर्थक हैं। इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई हो रही है। इससे पहले गरीबों को कोरोनाकाल में चावल बांटने पर भी विधायक शैलैश के खिलाफ एफआईआर हो चुकी है।
कमेटी ने अनुशासनहीनता का मामला दर्ज किया
शैलेश पांडेय के बयान को और कोतवाली जाकर हंगामा करने की घटना को शहर कांग्रेस कमेटी ने अनुशासनहीनता माना है। गुरुवार को कमेटी की बैठक में उपाध्यक्ष रामकुमार तिवारी एक प्रस्ताव लाए कि विधायक को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया जाना चाहिए। कमेटी ने इसे पारित कर दिया। शहर अध्यक्ष प्रमोद नायक ने कहा, ‘कोतवाली में विधायक के समर्थकों ने मुख्यमंत्री जिंदाबाद, मुर्दाबाद जैसे नारे भी लगाए। हम सब कांग्रेसी हैं और यहां कोई गुटबाजी नहीं है। फिर भी विधायक ने कई बार बयान दिया कि जो टीएस समर्थक हैं, उनके खिलाफ ऐसा हो रहा है। यह गैर जिम्मेदाराना है, इसलिए हम उन्हें निष्कासित करने का प्रस्ताव ला रहे हैं। इस प्रस्ताव को प्रदेश कांग्रेस कमेटी भेजा जाएगा।’
ये है पूरा मामला
बुधवार को शहर के सिटी कोतवाली थाने में बवाल हो गया था। यहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जमा हुए थे। सभी नेता पंकज सिंह के खिलाफ दर्ज मामले का विरोध कर रहे थे। इसी थाने में मंगलवार रात पंकज के खिलाफ छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) के टैक्नीशियन ने थप्पड़ मारने की शिकायत की थी और पुलिस ने मामला दर्ज किया था। टैक्नीशियन तुलाराम तांडे ने मंगलवार को कोतवाली में मारपीट की शिकायत की थी। उसने पुलिस को बताया कि मसानगंज इलाके के एक मरीज सिर में चोट के कारण सिम्स में भर्ती थे। उनका MRI होना था। मरीज के परिजन जल्दी कर रहे थे, मैंने उन्हें इंतजार करने को कहा तो उन्होंने पंकज सिंह को बुला लिया। पंकज ने आते ही उससे गालीगलौज की और कॉलर पकड़कर बाहर ले गए।
विधायक भी पहुंचे थे थाना
विधायक शैलेष पांडेय के साथ पंकज सिंह थाने में गिरफ्तारी देने पहुंच गए थे। पंकज का कहना था कि बिना जांच किए एकतरफा मामला दर्ज किया गया है। जिस विधायक ने इसे बदले की कार्रवाई बताया।
Krishna sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
