मनेंद्रगढ़ में बीजेपी के जिला कार्यालय निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बड़े राजनीतिक टकराव में बदल गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि कार्यालय निर्माण के लिए आदिवासी की भूमि को जबरन अधिग्रहित किया जा रहा है, जिसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव को काले झंडे दिखाने की तैयारी की थी।
संभावित विरोध को रोकने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक गुलाब कमरो को हाउस अरेस्ट कर दिया, वहीं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, जिला कांग्रेस प्रवक्ता सौरभ मिश्रा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष कासिम अंसारी और भावेश जैन को उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर प्रतिबंध बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
विवाद और तनाव के माहौल के बावजूद ग्राम चैनपुर में भाजपा के नए जिला कार्यालय का भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री रामविचार नेताम, विधायक रेणुका सिंह सहित संगठन के कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे।
भाजपा का कहना है कि यह कार्यालय संगठन की मजबूती और क्षेत्रीय विकास के उद्देश्य से बनाया जा रहा है, जबकि कांग्रेस इसे भूमि अधिकारों के खिलाफ लिया गया फैसला बता रही है। सामाजिक एवं राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि यह विवाद आने वाले समय में मनेंद्रगढ़ की राजनीतिक परिस्थितियों को और गर्म कर सकता है।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
