बृहस्पत और बाबा के विवाद के बाद अब छत्तीसगढ़ कांग्रेस में विधायकों के नए उभर रहे समूह ने एक वरिष्ठ मंत्री के खिलाफ बगावत शुरू कर दी है। विधायक बृहस्पत सिंह और संसदीय सचिव चंद्रदेव राय ने स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम पर ट्रांसफर-पोस्टिंग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। मंत्री से नाराज विधायकों ने अब मंत्री के खिलाफ खुलेआम मोर्चा खोल दिया है। विधायकों ने मंत्री को हटाने की मांग की है।

अपने बयानों के लिए शुरू से ही विवादों में रहे बृहस्पत सिंह ने आरोप लगाया है कि स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह मनमानी कर रहे हैं। विधायकों की एक भी बात, एक भी सिफारिश नहीं सुनी जा रही है। जिस बात के लिए मुख्यमंत्री निवास से निर्देशित करा दिया जाता है, उसको भी प्रेमसाय सिंह रोक लेते हैं। उनके PA और निजी स्टाफ ही सब करते हैं। उनके यहां ट्रांसफर-पोस्टिंग का धंधा चल रहा है। संसदीय सचिव चंद्रदेव राय ने आरोप लगाया, स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेम साय सिंह टेकाम ट्रांसफर में बड़ा खेल कर रहे हैं। मंत्री अपनी मनमानी कर रहे हैं। उनका दावा है 35 से अधिक विधायक मंत्री के खिलाफ हैं।

नाराज चल रहे विधायक

मंत्री से नाराज विधायकों ने बुधवार रात बैठक की। वहां मंत्री को हटाने की मांग उठी। विधायक बृहस्पत सिंह ने बताया कि सभी विधायक बहुत नाराज थे। जिसके बाद इस नाराजगी को मुख्यमंत्री तक पहुंचाए जाने का फैसला लिया गया। बृहस्पत सिंह का कहना है कि सभी लोग मुख्यमंत्री से मिलकर बात करने पर सहमत हो गए हैं।

दिल्ली में डटे थे यही विधायक

स्कूल शिक्षा मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले विधायकों में से अधिकतर वहीं हैं, जिन्होंने पिछले दिनों दिल्ली में डेरा डाला था। अब वे विभिन्न मुद्दों पर पार्टी के भीतर ही एकजुट हो रहे हैं। यह बात इसलिए अधिक महत्वपूर्ण है कि सरगुजा अंचल के ही डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के करीबी माने जाते हैं।