छत्तीसगढ़ बोर्ड के लाखों छात्रों के लिए आज का दिन बेहद अहम है। कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम आज दोपहर 2:30 बजे जारी किए जाएंगे।
राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर से औपचारिक रूप से रिजल्ट की घोषणा करेंगे। इस दौरान शिक्षा मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
रिजल्ट जारी होते ही छात्र छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोर देख सकेंगे। इस साल करीब 5.66 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे, जिससे उत्सुकता अपने चरम पर है।
इस बार रिजल्ट में देरी की मुख्य वजह 10वीं की हिंदी परीक्षा का पेपर लीक होना रहा। परीक्षा को दोबारा आयोजित करना पड़ा, जिसके कारण परिणाम की तारीख आगे बढ़ गई। हालांकि बोर्ड ने मूल्यांकन कार्य समय पर पूरा कर लिया है और परिणाम पूरी तरह तैयार हैं।
रिजल्ट चेक करने के आसान स्टेप्स:
cgbse.nic.in या results.cg.nic.in पर जाएं
‘CGBSE 10th Result 2026’ या ‘CGBSE 12th Result 2026’ लिंक चुनें
रोल नंबर और कैप्चा दर्ज करें
सबमिट करते ही रिजल्ट स्क्रीन पर दिखेगा
भविष्य के लिए डाउनलोड या प्रिंट कर लें
छात्र DigiLocker के जरिए भी अपनी डिजिटल मार्कशीट प्राप्त कर सकते हैं।
पिछले साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो 10वीं का रिजल्ट 68.76% और 12वीं का 82.25% रहा था। इस बार भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
अब सभी की नजरें दोपहर 2:30 बजे पर टिकी हैं, जब मेहनत का असली परिणाम सामने आएगा।
