रायपुर। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ अमृत महोत्सव कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज 2021 में भी छत्तीसगढ़ ने सर्वोत्तम राज्य के रूप में प्रथम स्थान प्राप्त किया। बता दें कि छत्तीसगढ़ को स्वच्छ अमृत महोत्सव कार्यक्रम में सबसे स्वच्छ राज्य श्रेणी में पुरस्कृत किया गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों अवार्ड ग्रहण किया। कार्यक्रम में आवासन और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी और राज्य मंत्री कौशल किशोर भी शामिल रहे।

पुरस्कार के लिए महिलाओं को श्रेय देना चाहूंगा – सीएम

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने लगातार तीसरे साल स्वच्छतम् राज्य का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है तो इसका श्रेय छत्तीसगढ़ के पौने तीन करोड़ लोगों को जाता है। मैं विशेष रूप से राज्य की महिलाओं को इसका श्रेय देना चाहूंगा, जिन्होंने शहरों से लेकर गांवों तक स्वच्छता की एक नई संस्कृति का निर्माण किया है।