दुर्ग। मुख्यमंत्री आज दुर्ग जिले के दौरे पर थे। इसी कड़ी में उन्होंने जामुल में आम सभा को संबोधित भी किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार नंबर एक आने के लिए काम नहीं करती है, बल्कि छत्तीसगढ़ महतारी को सजाने और संवारने के लिए काम कर रही है। सरकार ने राज्य के बेटे बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार देने का काम किया है। यही कारण है कि आज अगर राज्य का नागरिक कुछ ना भी करे तो केवल गोबर बेचकर 2 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेच सकता है।

रावण भाठा मैदान में मुख्यमंत्री ने बोनस का गणित भी बताया। उन्होंने कहा कि यदि आने वाले समय में उनकी सरकार बनी तो वह बोनस निरंतर इसी तरह देते रहेंगे। छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को राजीव गांधी न्याय योजना के तहत 9000 रुपये प्रति एकड़ की इनपुट सब्सिडी देगी। बरसात में किसान चाहे कोदो, कुटकी, राहर, तिली, मक्का, गन्ना या धान लगाए, उन्हें आने वाले चुनाव तक यह योजना जारी रहेगी।

राजीव गांधी भूमिहीन श्रमिक योजना का फॉर्म भरने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी भूमिहीन श्रमिक योजना छत्तीसगढ़ में लागू की गई है। 30 नवंबर तक इसके लिए फार्म भरने की आखिरी डेट है। सभी श्रमिक से उन्होंने अपील कि, कि वे इसका फार्म भर लें। केंद्र सरकार तो केवल किसान को 500 रुपये प्रति माह देती है, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार जिसके पास एक डिसमिल भूमि भी नहीं है, उस श्रमिक को भी छत्तीसगढ़ सरकार 6000 रुपये प्रति वर्ष देगी।