रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर सोनाखान में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बालोद जिले के राजाराव पठार कर्रेझर में आयोजित वीर मेला कार्यक्रम और दुर्ग जिले जंजगिरी में रोहिणी गौशाला के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री सचिवालय से जारी दौरा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हेलीकाप्टर से प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे बलौदाबाजार के ग्राम सोनाखान पहुंचेंगे और वहां शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री महाराजी मार्ग पर बने पुल का करेंगे लोकार्पण

मुख्यमंत्री इस मौके पर स्मारक स्थल सोनाखान में 29 लाख 51 हजार रुपये की लागत से स्थापित शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ही 16 करोड़ एक लाख रुपये की लागत से निर्मित एकलव्य छात्रावास और जोंक नदी में 9 करोड़ 60 लाख 62 हजार रुपये की लागत से बंगलापाली से महाराजी मार्ग पर बने पुल का लोकार्पण करेंगे।

शहीदों के परिजनों को पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान करेंगे

कुर्रूपाठ में सीढ़ी निर्माण कार्य के प्रथम चरण का भूमिपूजन, पांच गांवों को सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र का वितरण करने के साथ ही शहीदों के परिजनों का सम्मान और मासिक पेंशन स्वीकृति का आदेश पत्र प्रदान करेंगे।

मुख्यमंत्री सोनाखान से दोपहर 1 बजे हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर 1.30 बजे राजाराव पठार कर्रेझर पहुंचेंगे और वहां वीर मेला कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इसके पश्चात 3 बजे दुर्ग जिले के जंजगिरी में राधे निकुंज आश्रम के भूमिपूजन और रोहिणी गौशाला के शुभारंभ कार्यक्रम में भाग लेने के पश्चात वहां से 3.30 बजे हेलीकॉप्टर से रायपुर वापस आएंगे।