रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ के दिव्यांग पर्वतारोही और पैरा एथलेटिक्स चित्रसेन साहू को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 12 लाख 60 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर में 14 दिसंबर को आयोजित रन फॉर सीजी प्राइड मैराथन के अवसर पर पर्वतारोही, पैरा एथलेटिक्स, राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं ब्लेडरनर चित्रसेन साहू को आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की थी ।

बता दे चित्रसेन ने छत्तीसगढ़ सरकार के 3 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर सीजी प्राइड’ में हिस्सा लिया था। चित्रसेन साहू ने मुख्यमंत्री बघेल को सहयोग के लिए आभार जताया और कहा छत्तीसगढ़ महतारी का नाम गौरवान्वित करने का पूरा प्रयास करूंगा।

आर्टिफिशियल पैरों से चढ़ाई करने वाले पहले भारतीय बने

रायपुर के पर्वतारोही चित्रसेन साहू ने रूस का माउंट एलब्रुस पर तिरंगा फहराया। चित्रसेन के दोनों पैर नहीं हैं। वो आर्टिफिशियल लेग्स की मदद से चलते हैं। एलब्रुस पर दोनों आर्टिफिशियल पैरों से चढ़ाई करने वाले पहले भारतीय बने। 23 अगस्त को उन्होंने ये कामयाबी हासिल की, चित्रसेन ने बताया कि इस चढ़ाई को पूरा करने में उन्हें 8 घंटे का वक्त लगा। पहाड़ की चोटी पर पहुंचकर उन्होने तिरंगा फहराया। देश और दुनिया को प्लास्टिक फ्री बनाने और दिव्यांगो को अपने पैरों पर खड़ा होने का संदेश दिया। इस पूरे मिशन में चित्रसेन का सहयोग, नॉर्थ अमेरिका में रहने वाले छत्तीसगढ़ियों के संगठन नाचा ने किया।