रायपुर। देश समेत छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कोरोना के मरीज सामने आने लगे हैं। एक बार फिर मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। निरंतर बढ़ती कोरोना के मरीज की संख्या ने शासन-प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीर खींच दी है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में कोरोना टेस्टिंग बढ़ाने का निर्देश जारी कर दिया है। देश में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट की मौजूदगी से फिर भय का माहौल है। देश के 22 राज्यों में ओमिक्रॉन ने दस्तक दे दी है। अब केवल 8 राज्य ही बाकी रह गए हैं जिसमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है।

प्रदेश में भी अब कोरोना मरीज फिर से बढ़ने लगे हैं। प्रदेश में 100 कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हो गई है। इसे लेकर शासन-प्रशासन लगातार लोगों से सुरक्षित रहने की अपील कर रहा है। साथ ही टीका लगवाने की समझाइश लोगों को दी जा रही है। लेकिन अब भी प्रदेश में 4 फीसदी आबादी ऐसी है जो वैक्सीन की दोनों खुराकों से दूर है। अब तक इन्होंने टीका नहीं लगवाया है।

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में भी गहराया ओमिक्रॉन संकट , विदेश से लौटे लोग मिले कोरोना पॉजिटिव

8 लाख ज्यादा लोगों ने नहीं लगवाई वैक्सीन

4 फीसदी आबादी कहने पर आकड़ा छोटा लग रहा है, लेकिन अगर हम इसे जनसंख्या के हिसाब से देखें तो करीब साढ़े 8 लाख की आबादी ने वैक्सीनेशन नहीं कराया है। सरकारी आकड़ों के मुताबिक प्रदेश में करीब 1 करोड़ 88 लाख लोगों ने कोरोना का पहला टीका लगवा लिया है। वहीं करीब 1 करोड़ 21 लाख लोगों ने दूसरा टीका भी लगवा लिया है।

सीएम की अपील

छत्तीसगढ़ ने दूसरी लहर की मार झेल चुका है। जिसकी वजह से प्रदेश के मुख्यमंत्री बार-बार लोगों से अपील कर रहे हैं कि कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए टीकाकरण अवश्य कराएं। साथ ही सुरक्षा उपायों और चिकित्सकों की सलाह को अपनाएं। जिससे तीसरी लहर से प्रदेश को बचाया जा सके।