मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अपने निवास कार्यालय में गृह विभाग के कार्यों की समीक्षा की।

बस्तर फाइटर्स की भर्ती प्रक्रिया जनवरी तक पूर्ण करने दिए निर्देश।

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार को अपने निवास कार्यालय में गृह विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विषयों और मामलों पर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस बीच सीएम ने चिटफंड कंपनियों के फरार संचालकों के खिलाफ धीमी कार्रवाई पर नाराजगी जताई और कहा कि आरोपियों जल्द गिरफ्तारी की जाए। इसी तरह चिटफंड संचालकों की संपत्तियों की नीलामी पर अपेक्षित प्रगति ना होने पर भी मुख्यमंत्री ने नराजगी जताई।

भूपेश बघेल ने बस्तर फाइटर्स की भर्ती प्रक्रिया में देरी होने को गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भर्ती प्रक्रिया हर हाल में जनवरी 2022 तक पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा सीएम ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी पर रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने राज्य भर में संचालित हुक्का बार बंद कराए जाने के निर्देश दिए और कहा कि ये सुनिश्चित करें कि हुक्का बार फिर से शुरु ना हो।

महिला सुरक्षा एप तैयार करने के निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओँ और बच्चों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। इसके बावजूद महिलाओँ की सुरक्षा के लिए एप तैयार करने में देरी होना ठीक नहीं है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सख्त लहजे में कहा कि महिला सुरक्षा एप तैयार कर जल्द ही इसका प्रदर्शन और लॉन्चिंग की जाए।

जुआ-सट्टा पर लगाम लगाए पुलिस- सीएम

मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में जुआ-सट्टा और अवैध कारोबार पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि किसी भी जिले में जुआ-सट्टा और अवैध कारोबार नहीं होना चाहिए। पुलिस अधिकारी अवैध कारोबारियों पर कड़ी निगरानी रख उन पर कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री ने पूछा कि उनके निर्देश के बाद भी जिलों में कानून-व्यवस्था की साप्ताहिक समीक्षा क्यों नहीं की जा रही है।

पुलिसकर्मियों को सप्ताहिक अवकाश

मुख्यमंत्री ने डीजीपी मेरिट स्कॉलरशिप शहीद विनोद चौबे के नाम पर करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश दिया जा रहा है। पुलिस कल्याण कोष में प्रतिवर्ष अनुदान को बढ़ाकर 3 करोड़ कर दिया गया है। विभाग में पदोन्नति प्रक्रिया का काफी सरलीकरण किया गया है।