रायपुर। 31 अक्टूबर को भारत की पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रीमति इंदिरा गांधी की पुण्य तिथि है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस अवसर पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है। सीएम ने इंदिरा गांधी के भारत के विकास में दिए अतुल्य योगदान को याद करते हुए कहा है कि इंदिरा गांधी ने दूर-दृष्टि और पक्के इरादे के साथ देश को नई दिशा प्रदान की। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश का कुशलतापूर्वक नेतृत्व करते हुए अंतर्राष्ट्रीय पटल पर भारत को प्रतिष्ठापूर्ण स्थान दिलाया।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इंदिरा जी के हरित क्रांति कार्यक्रम की सफलता ने देश को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाया। इंदिरा गांधी ने आजीवन गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रयास किया और देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया।
उपलब्धियों से भरा रहा इंदिरा जी का जीवन
सीएम बघेल ने कहा कि इंदिरा गांधी बचपन से ही देश के स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय रहीं। उन्होंने बाल चरखा संघ की स्थापना की और असहयोग आंदोलन के दौरान बच्चों की वानर सेना बनाई। प्रधानमंत्री के रुप में उन्होंने बैंकों के राष्ट्रीयकरण, राजाओं के प्रिवीपर्स की समाप्ति जैसे कठोर निर्णय लिए। बांग्लादेश का उदय, भारत का परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनना उनकी प्रमुख उपलब्धियां थी। उनके कार्यकाल में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की स्थापना हुई और प्रथम उपग्रह आर्यभट्ट अंतरिक्ष में छोड़ा गया। भारत के नवनिर्माण में इंदिरा गांधी का योगदान भुलाया नहीं जा सकता।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
