रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यूपी और हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय प्रवास से रायपुर लौट आए हैं। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचते ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इतिहास का सबसे असफल और जुमलेबाज प्रधानमंत्री बताया है।

दरअसल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी को आजादी के बाद का सबसे सफल प्रधानमंत्री बताया था। शाह के इस बयान पर सीएम भूपेश ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। अमित शाह के बयान पर बघेल ने कहा कि ये उनका आकलन हो सकता है। लेकिन जब इतिहास समीक्षा करेगा तो नरेंद्र मोदी जी का नाम सबसे असफल और जुमलेबाज प्रधानमंत्री के रूप में दर्ज होगा।

महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा

उन्होंने कहा कि मोदी ने नोटबंदी लागू की, उससे देश और उसकी अर्थव्यवस्था पर क्या प्रभाव पड़ा? जीएसटी लागू किया तो देश की अर्थव्यवस्था पर क्या प्रभाव पड़ा? जब देश में कोरोना के मामले बढ़ रहे थे और देश में बनी वैक्सीन को ये निर्यात कर रहे थे, उसकी लोग समीक्षा करेंगे। इसके अलावा सीएम ने महंगाई के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया।