रायपुर। पुलिस जवानों को शासकीय आवास आवंटन का काम पूरी पारदर्शिता पर गंभीरता के साथ करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा को निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों को आवास आवंटन का काम उपलब्धता के आधार पर प्राथमिकता के साथ किया जाए और काम में पूरी पारदर्शिता रखी जाए। उन्होंने डीजीपी सहित पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षकों को इस कार्य को पूरी गंभीरता से करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि पुलिस के जवान 24 घंटे जनता की सेवा में लगे रहते हैं, उनकी समस्याओं का निराकरण जहां तक संभव हो सके तत्परता से किया जाना चाहिए, जिससे जवानों की भावनाएं आहत न हों और उनका मनोबल बना रहे।
आवंटन की करें सतत समीक्षा- सीएम
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि डीजीपी स्वयं आवास संबंधी मामलों की समीक्षा करें और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करें । हर जिले में एसपी भी अपने जिलाबल के जवानों को आवास आवंटन के मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करें और इसकी सतत समीक्षा करें।
कल्याणकारी योजनाओं की शुरूआत
बता दें कि मुख्यमंत्री बघेल पुलिस जवानों की समस्याओं के निराकरण के लिए शुरू से ही बेहद संवेदनशील रहे हैं। अपराधों पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस जवानों की ड्यूटी बेहद अनुशासन और तनावपूर्ण रहती है। पुलिस जवानों का मानसिक तनाव कम हो और वे नई ऊर्जा के साथ काम कर सकें इसके लिए राज्य शासन द्वारा कई सालों से पुलिसकर्मियों की साप्ताहिक अवकाश की मांग को पूरा किया गया है। इसी कड़ी में पुलिस परिवार के करीब 72 हजार जवानों और उनके परिजनों के लिए विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रम शुरू किए गए हैं।
तनाव दूर करने की कोशिश
सीएम के निर्देश पर पुलिस जवानों के शहीद और सामान्य मृत्यु के प्रकरणों को बेहद ही संवेदनशीलता के साथ निराकृत कर अनुकंपा नियुक्ति दी जा रही हैं। इसके साथ ही पुलिस बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में तैनात पुलिस जवानों का तनाव कम करने के लिए सभी जिलों में रोस्टर बनाकर योगा शिक्षकों की सहायता से योगा क्लासेस की भी शुरूआत की गई है। खेल गतिविधियों से जोड़कर जवानों का तनाव दूर करने की भी कोशिश की जा रहा है।
सम्मान निधि हुई दोगुनी
छत्तीसगढ़ पुलिस के कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति पर छत्तीसगढ़ पुलिस सेवा सम्मान निधि के रूप में 1 लाख रूपये की राशि दी जाती थी। अब मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार ने इसे बढ़ाकर 2 लाख रूपये कर दिया है।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
