छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय 15 जनवरी को जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए ₹2.43 करोड़ की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही एक विशाल ‘मेगा हेल्थ कैंप’ का शुभारंभ भी किया जाएगा।

बगीचा में आयोजित इस मेगा हेल्थ कैंप में राज्य के प्रतिष्ठित और सुपरस्पेशलिस्ट चिकित्सक मरीजों की जांच करेंगे और विशेषज्ञ परामर्श देंगे। शिविर में न्यूरो, गैस्ट्रो, ऑर्थोपेडिक, स्त्री रोग, ईएनटी, नेफ्रो (किडनी) और प्लास्टिक सर्जरी जैसे विभागों के डॉक्टर मौजूद रहेंगे, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर बहु-विभागीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी।

इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के लोगों तक उच्च स्तरीय इलाज पहुंचाना है। शिविर में विभिन्न बीमारियों की जांच के साथ-साथ कई जरूरी मेडिकल टेस्ट निःशुल्क किए जाएंगे। गंभीर रोग से पीड़ित मरीजों को उन्नत उपचार के लिए सर्वसुविधायुक्त उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की भी व्यवस्था की गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह आयोजन जशपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा और आम नागरिकों को राहत प्रदान करेगा।