कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी से जुड़े मामले में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी भोला प्रसाद जायसवाल की लगभग 5.77 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों को कुर्क कर लिया गया है। इसके साथ ही अब तक आरोपी की 34.27 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्तियां पुलिस कार्रवाई के दायरे में आ चुकी हैं।

यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। सोनभद्र पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में थाना रॉबर्ट्सगंज में दर्ज एफआईआर के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई जारी है। आरोपी सोनभद्र जिले के प्रहलाद घाट क्षेत्र का निवासी बताया गया है।

न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 23 जनवरी को पहले ही 28.50 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियां जब्त की जा चुकी थीं। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत वाराणसी जनपद में आरोपी और उसके परिजनों से जुड़ी संपत्तियों पर भी कुर्की की गई।

ताजा कार्रवाई के तहत शनिवार को मड़ौली, भरलाई और जगदीशपुर क्षेत्रों में स्थित कुल सात अचल संपत्तियों को कुर्क किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4.55 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा चार वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनमें फॉर्च्यूनर लेजेंडर, हुंडई आई-20, एक्टिवा और वेस्पा स्कूटर शामिल हैं। इन वाहनों की कुल कीमत लगभग 51 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं, बैंक खातों में जमा 70.99 लाख रुपये की राशि को भी अभिग्रहित किया गया है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि नशीली दवाओं की तस्करी और उससे अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों को किसी भी स्थिति में राहत नहीं दी जाएगी।