विकासखंड को विभाजित करने पर फंसा पेंच, केंद्र के नियम का उल्लंघन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चार नए जिलों के पुनर्गठन पर काम शुरू हो गया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने सक्ती, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और सारंगढ-बिलाईगढ़ जिलों की सूचना राजपत्र में जारी कर दी है। लेकिन, प्रस्तावित मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के लिए ऐसी सूचना प्रकाशित नहीं की है। बताया जा रहा है, उस जिले के पुनर्गठन का प्रस्ताव अभी तैयार नहीं है। कोरिया जिले के पुनर्गठन को लेकर भारी विरोध की वजह से प्रशासन अभी तक मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले का प्रस्ताव नहीं बना पाया है। कहा जा रहा है, जल्दी ही इस नए जिले के लिए भी सूचना जारी कर दी जाएगी।

मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले की घोषणा के बाद से कई मामलों को लेकर बवाल मचा हुआ है। जिला मुख्यालय को लेकर विवाद की स्थिति है। वहीं बैकुंठपुर याने कोरिया जिला जहां से टूट कर यह नया जिला प्रस्तावित है वो इस नए जिले को लेकर विरोध में है और इसके पर्याप्त कारण हैं। चरणबद्ध आंदोलन और प्रतिनिधि मंडलों का आना लगातार जारी है। दरअसल किसी भी जिला का गठन राज्य सरकार करती है, लेकिन विकासखंड की सीमा केंद्र सरकार तय करती है और केंद्र किसी विकासखंड को दो भागों में बाँटते हुए आधा इस जिले में और आधा दूसरे जिले में क तई स्वीकार नहीं करेगा। जो प्रस्ताव आया था उसमें विकासखंड को ही दो भागों में विभाजित कर दिया गया था।

प्रारंभिक सूचना के बाद दावा आपत्ति

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में चार नए जिले बनाने की घोषणा की थी। इनमें दो जिलों को लेकर विवाद की स्थिति बनी। अब दो महीनों बाद सरकार ने इन घोषणाओं को अमली जामा पहनाने की कवायद शुरू की है। राजस्व विभाग ने नए जिले बनने से प्रभावित हो रहे सभी पांच जिलों के कलेक्टरों को पत्र लिखकर दावा आपत्ति मंगाने को कहा है। इससे पहले जिलों के पुनर्गठन की प्रारंभिक सूचना को जिला, अनुविभाग, तहसील और ग्राम पंचायत में चिपकाया जाएगा।

दिसंबर में दिया जाएगा अंतिम रूप

प्रारंभिक सूचना पर दावा आपत्ति आने के बाद कलेक्टर सुनवाई करेंगे। सुनवाई के बाद इसकी रिपोर्ट राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग को देनी होगी। इसके साथ कलेक्टर को अपना अभिमत भी देना होगा। इसके लिए 21 दिसंबर तक का समय दिया गया है। उसके बाद प्रशासन और पुलिस के लिए विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारियों की नियुक्ति कर दी जाएगी।

पांच जिले प्रभावित होंगे

प्रदेश में चार नए जिले बनने की प्रक्रिया में पांच जिले प्रभावित हो रहे हैं। इनमें जांजगीर-चांपा जिले से अलग कर सक्ती बनेगा। राजनांदगांव जिले से अलग होकर मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी बनना है। रायगढ़ और बलौदा बाजार-भाटापारा दो जिलों से कुछ हिस्सों को अलग कर सारंगढ-बिलाईगढ़ जिला बनना है। कोरिया जिले से अलग कर मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर को जिला बनाया जाना है।