रायपुर। रायगढ़, जांजगीर-चांपा और रायपुर के बाद अब बिलासपुर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में जिले में 31 नए मरीजों की पहचान हुई है। जिसके बाद एक्टिव केस की संख्या 91 पहुंच गई है। इसके साथ ही कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर भी खतरा बढ़ने लगा है। शहर में जर्मनी से लौटा एक युवक भी पॉजिटिव आया है। जबकि दो दिन पहले उसकी रिपोर्ट निगेटिव थी। बिलासपुर में कोरोना के मामले बढ़ने ने स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

पिछले एक हफ्ते को देखें तो शहर में संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ी है। मंगलवार से नए मरीजों की संख्या दोगुनी तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को कोरोना के 9 मामले सामने आए थे, बुधवार को ये संख्या बढ़कर 17 और फिर गुरुवार को 31 पहुंच गई। जिला प्रशासन भी इन बढ़ते मामलों को देखते हुए अलर्ट मोड पर आ गया है।

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में भी गहराया ओमिक्रॉन संकट , विदेश से लौटे लोग मिले कोरोना पॉजिटिव

संपर्क में आए लोगों की जांच

स्वास्थ्य विभाग की जानकारी के मुताबिक दिसंबर महीने में 138 मरीज मिले हैं। इनमें मिनोचा कॉलोनी, कोटा, चंदेला नगर रिंग रोड 2, सिंधी कॉलोनी, जबड़ापारा सरकंडा, अपोलो हॉस्पिटल कैंपस, हेमूनगर, नवागांव कोटा, श्री विहार सरकंडा, आरके नगर, आदर्स कॉलोनी, विनोबा नगर, सेंट्रल जेल बिलासपुर, मुंगेली नाका, बड़ी कोनी, मेंटल हॉस्पिटल सेंदरी, सरकंडा, रामकृष्ण नगर, ओमनगर जरहाभाठा, शनिचरी बाजार, शेष कॉलोनी, महामाया विहार वेयर हाउस रोड, सीआरपीएफ कैंप भरनी सहित दूसरे इलाकों में भी कोरोना के नए मामलों की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि अब इनके संपर्क में आए लोगों की भी जांच होगी।

प्राइवेट लैब में निगेटिव, सरकारी में पॉजिटिव

शहर के शेष कॉलोनी में रहने वाला एक 30 साल का युवक 19 दिसंबर को जर्मनी से शहर लौटा था। 26 दिसंबर को उन्होंने एक निजी लैब में अपनी कोरोना जांच कराई थी। तब रिपोर्ट निगेटिव आई थी। 29 दिसंबर को फिर उनकी जांच स्वास्थ्य विभाग ने की तो गुरुवार को वे कोरोना पॉजिटिव पाए गए। अब उनके संपर्क में रहने वालों की जांच होगी। ओमिक्रॉन की आशंका के चलते अब उनका सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग जांच के लिए भुवनेश्वर भेजा जाएगा।