बीजिंग / जहां एक तरफ हमें सुनने को मिल रहा की कोरोना के नये केसेस देखने को नहीं मिल रहे हैं वहीं दूसरी तरफ उत्तर-पश्चिमी चीन के गांसू प्रांत में कोरोना के नए मामले सामने आने लगे हैं। कोरोना के नए मामले सामने आने के बाद सोमवार को यहां के सभी पर्यटक स्थलों को बंद कर दिया गया।
गांसू प्रांत प्राचीन समय के रेशम मार्ग पर स्थित है और इसे बौद्ध धर्म से संबंधित चित्रों वाली गुफाओं और अन्य धार्मिक स्थलों के लिए पहचाना जाता है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि बीते 24 घंटे में संक्रमण के स्थानीय स्तर पर फैलने के 35 नए मामले सामने आए हैं जिनमें से चार मामले गांसू के हैं।
इनर मंगोलिया क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के 19 मामले सामने आए हैं उसके बाद से यहां के लोगों को घरों से ना निकलने का आदेश दिया गया है।

बीजिंग में फरवरी में होने वाले विंटर ओलंपिक से पहले यात्रियों और पर्यटक समूहों के कारण कोरोना वायरस के डेल्टा स्वरूप का प्रकोप होना चिंता का विषय है। यहां होने वाले आयोजन में अन्य देशों के दर्शकों पर पहले से ही रोक लगाई जा चुकी है।