रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस चाहे कितने भी दावे कर ले लेकिन बेख़ौफ़ अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं की दिन दहाड़े किसी को भी छोटी सी बात पर चाकू मार देना नॉर्मल बात हो गई है। खास तौर पर आज कल टीनएजर्स से ले कर 25 साल तक के युवाओं में धौस जमाने के चक्कर में मार पीट करना , चाकू मार देना फैशन की तरह हो गया है। खास तौर पर जिनको राजनैतिक संरक्षण मिला हुआ है उनके तो क्या कहने हैं ।

यह सब हम इसलिए कह पा रहें हैं क्योंकी दिवाली की सुबह कि एक घटना सामने आयी है जब गौरा-गौरी की पूजा करने समूह बनाकर जा रहे बच्चों में से एक 15 साल के टीनएज बच्चे को 24 साल के युवा रवी पटेल ने सिर्फ इसलिए चाकू मार दिया क्योंकि उसे राह चलते धक्का लग गया था। बच्चे को चाकू मारने वाला युवक स्थानीय वार्ड के पार्षद का भांजा होना बताया जा रहा है। घटना में घायल हुए बालक का इलाज नजदीक के ही निजी अस्पताल में करवाया गया, घायल बच्चा अभी स्वस्थ है।

हालांकि घटना के बाद आरोपी युवक रवी पटेल को मोवा पुलिस ने गिरफ्तार कर रैली निकाल कर डॉ. भीमराव अम्बेडकर वार्ड क्रं 9 के पुराने इलाके में घुमाया लेकिन ऐसे ही कई बार अन्य अपराधियों की रैली पुलिस ने पहले भी निकाली है लेकिन इसके बाद भी सुधरने की जगह अपराधी और ज्यादा खौफ़नाक तरीके से अपराधों को अंजाम देते हैं।