रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर राज्य के संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने राज्यपाल अनुसुइया उइके को आदिवासी नृत्य महोत्सव और राज्योत्सव के लिए आमंत्रित किया।

राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 28 अक्टूबर को राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का शुभारंभ होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देश और विदेश के आदिवासी नर्तक दल रंगारंग प्रस्तुति देंगे। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में 7 देशों के नर्तक दल सहित देश के 27 राज्यों और 6 केन्द्र शासित प्रदेशों के 59 आदिवासी नर्तक दल शामिल हो रहे हैं। इन नर्तक दलों में लगभग 1000 कलाकार शामिल होंगे, जिनमें 63 विदेशी कलाकार होंगे।

संगोष्ठी का भी होगा आयोजन

उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल हो रहे आदिवासी नर्तक दलों द्वारा मार्चपास्ट किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में युगाण्डा, फिलीस्तीन, सिक्किम, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के आदिवासी नर्तक दलों द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जाएगी। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर दिन 20-20 आदिवासी नर्तक दल अपनी प्रस्तुति देंगे। महोत्सव के दौरान आदिवासियों की जीवन शैली, आदिवासी संस्कृति पर केन्द्रित प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के स्टाल भी होंगे। प्रदर्शनी में हाथकरघा वस्त्रों और हस्तशिल्प के स्टाल भी लगाए जाएंगे।