रायपुर। राज्य शासन ने विधायक निधि के तहत मिलने वाली राशि में कटौती की है। विधायक निधि या विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के तहत विधायकों को हर साल 2 करोड़ की राशि विकास कार्य कराने के लिए मिलती है। इसमें डेढ़ करोड़ विधायक कोटे में होता है और 50 लाख रुपये के विकास कार्यों की अनुशंसा प्रभारी मंत्री करते हैं, लेकिन इस बार एक करोड़ 45 लाख रुपये ही जारी हुए हैं। यानी पहले मिलने वाली राशि में 55 लाख रुपये की कटौती की गई है। अब विधायकों को अपने क्षेत्र में काम कराने के लिए 1 करोड़ 9 लाख रुपए मिलेंगे। तो वहीं प्रभारी मंत्री 36 लाख रुपये के कार्यों की अनुशंसा कर सकेंगे।

कोरोना काल में पूरे देश की आर्थिक स्थिति चरमरा गई है। राज्य सरकार भी इससे अछूती नहीं रही है। नतीजन राज्य शासन ने विकास योजना की राशि खर्च करने पर रोक लगा दी। 6 महीने बाद अब जाकर राशि जारी की गई है। इस राशि से विधायक के साथ ही प्रभारी मंत्री की अनुशंसा पर क्षेत्र में विकास कार्य हो सकेंगे।

सांसद निधि पर 2 साल के लिए रोक

सांसदों को अपने क्षेत्र में विकासकार्य कराने के लिए पांच करोड़ रुपये की राशि मिलती है, लेकिन कोरोना की वजह से केंद्र सरकार ने 2 साल के लिए सांसद निधि पर रोक लगा दी है।