राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली इन दिनों गंभीर वायु प्रदूषण के संकट से जूझ रही है। लगातार तीसरे दिन हवा की गुणवत्ता “गंभीर” श्रेणी में बनी हुई है, जिससे शहर गैस चैंबर जैसा महसूस हो रहा है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार, रविवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 456 दर्ज किया गया, जबकि कई रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों में यह स्तर 480 से 500 तक पहुंच गया।

सुबह के समय घना कोहरा और स्मॉग की परत ने राजधानी को अपनी चपेट में ले लिया। आनंद विहार, अशोक विहार, रोहिणी, वजीरपुर और जहांगीरपुरी जैसे क्षेत्रों में हवा बेहद जहरीली दर्ज की गई। दृश्यता कम होने से आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ।

दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में भी हालात चिंताजनक हैं। गाजियाबाद और नोएडा के कई इलाकों में AQI 400 के पार दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में भी प्रदूषण गंभीर स्तर पर बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की रफ्तार बेहद कम होने और ठंड बढ़ने से प्रदूषक वातावरण में नीचे ही फंसे हुए हैं। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने की उम्मीद बेहद कम है।