सर्राफा बाजार में सोना और चांदी लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और सुरक्षित निवेश की मांग ने कीमती धातुओं की कीमतों को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। सोमवार को बाजार खुलते ही चांदी ने इतिहास रच दिया, जबकि सोना भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

MCX पर चांदी ने तोड़ा पुराना रिकॉर्ड

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी के मार्च वायदा भाव में जोरदार तेजी दर्ज की गई। चांदी करीब 5 फीसदी उछलकर ₹3,01,315 प्रति किलो के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। यह पहली बार है जब चांदी की कीमत ₹3 लाख प्रति किलो के पार गई है।

2026 की शुरुआत में ही चांदी ने दिखाई रिकॉर्ड तेजी

2025 में शानदार प्रदर्शन के बाद 2026 की शुरुआत भी चांदी के लिए ऐतिहासिक साबित हो रही है। जनवरी महीने में अब तक चांदी ₹65,614 प्रति किलो महंगी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को जहां चांदी ₹2,35,701 प्रति किलो थी, वहीं अब यह ₹3,01,315 प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही है।

सोने की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल

सोने ने भी निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। एमसीएक्स पर फरवरी वायदा सोना पिछले सत्र में ₹1,42,517 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोमवार को कारोबार शुरू होते ही इसमें तेज उछाल आया और यह ₹1,45,500 प्रति 10 ग्राम के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। एक ही सत्र में सोना करीब ₹3,000 महंगा हो गया।

अगर साल की शुरुआत से तुलना करें तो 31 दिसंबर 2025 को सोना ₹1,35,804 प्रति 10 ग्राम था। मौजूदा स्तर के अनुसार अब तक सोने की कीमत में ₹9,696 प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हो चुकी है।

क्यों लगातार महंगे हो रहे हैं सोना और चांदी

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ग्रीनलैंड को लेकर टैरिफ चेतावनी से वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ गई है। ऐसे माहौल में निवेशक जोखिम भरे साधनों से दूरी बनाकर सेफ हेवन विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी वजह से सोना और चांदी की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है।