छत्तीसगढ़ में खेलों के लिए अच्छा माहौल तैयार किया जा रहा है। इससे अब बस्तर भी अछूता नहीं रहेगा। बस्तर के खिलाड़ियों को पहले शहर से दूर अपने जिले से बाहर किसी भी खेल में प्रदर्शन करने के लिए जाना पड़ता था। लेकिन भूपेश सरकार की खेल नीति ने खिलाड़ियों को अब बड़ा प्लेटफॉर्म देने का फैसला किया है। इसके लिए जगदलपुर में 50 करोड़ की लागत से खेल परिसर का निर्माण कराया जा रहा है।
जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम और धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में खेल परिसर का काम जोरों शोरों से चल रहा है । कलेक्टर की निगरानी में ये काम 2 दिनों के अंदर ही पूरा कर लिए जाने की डेडलाइन तय की गई है।

खेल परिसर में किन खेलों की सुविधाएं ?

इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में लगभग साढ़े सात करोड़ रुपए की लागत से सिंथेटिक रनिंग ट्रैक के साथ टर्फ फुटबाल मैदान का निर्माण हो रहा है। इसके साथ ही दो करोड़ रुपए की लागत से नया बैडमिंटन हॉल भी बन रहा है। यहां हैंडबॉल ग्राउंड, टेनिस ग्राउंड, बॉलीवॉल ग्राउंड के साथ खिलाड़ियों के रुकने के लिए हॉस्टल भी बनाया जा रहा है। खेल परिसर में एक बड़ा हॉल भी बनाया गया है। जिसमे कबड्डी, कुश्ती, जूडो, कराटे जैसे खेल सिंथेटिक मैट पर खेले जाएंगे। इस परिसर के बन जाने पर जगदलपुर खेल हब के तौर पर जाना जाएगा।

क्रिकेट खेलने के लिए भी निर्माण


स्टेडियम में क्रिकेट के लिए पिच भी बनाई गई है। स्टेडियम गैलरी के ऊपर कवर और नीचे पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ये पूरा काम तीन चरणों में पूरा किया जाना है। जिसमें दो चरण पूरे किए जा चुके हैं।

धरमपुरा में भी अंतिम चरण में काम


जगदलपुर के धरमपुरा खेल परिसर में 7 करोड़ रुपए की लागत से 400 मीटर सिंथेटिक एथलीट ट्रैक, साढ़े पांच करोड़ रुपए की लागत से 200 मीटर वार्म अप ट्रैक और आर्चरी रेंज का निर्माण किया जा रहा है।वहीं साढ़े 5 करोड़ की लागत से मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण भी किया गया है।जगदलपुर शहर के बीचोंबीच स्थित ऐतिहासिक सिटी ग्राउंड और हाता ग्राउंड भी बन रहे हैं। जो जिले के फुटबॉल और क्रिकेट खिलाड़ियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।