जीएसटी सुधार से जनता को राहत और अर्थव्यवस्था को मजबूती: भूपेंद्र सवन्नी
रायगढ़। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि हाल में हुए जीएसटी सुधार भारत की आर्थिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण कदम हैं। आयकर छूट के बाद अब जीएसटी दरों में कमी और स्लैब सरलीकरण से आम जनता को सीधी राहत मिलेगी, वहीं उद्योग और व्यापार क्षेत्र को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि पहले देश में 17 तरह के टैक्स और 13 प्रकार के सेस लागू थे। लेकिन अब आवश्यक वस्तुओं को कर मुक्त करने, चार की जगह दो स्लैब रखने और कई उत्पादों पर कर घटाने से आम लोगों की बचत बढ़ेगी और कारोबार में सुगमता आएगी।
सवन्नी ने कहा कि इन बदलावों का सबसे अधिक लाभ MSME, कृषि, वस्त्र और हस्तशिल्प उद्योग को होगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और निर्यात को प्रोत्साहन मिलेगा। ऑटोमोबाइल क्षेत्र में कर वर्गीकरण से विवाद घटेंगे और नवीकरणीय ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में जीएसटी संग्रह 22.08 लाख करोड़ रुपये पहुँच चुका है, जो चार साल में दोगुना है। 2017 में 66.5 लाख जीएसटी करदाता थे जो 2025 में बढ़कर 1.51 करोड़ हो गए हैं। ये आंकड़े देश की आर्थिक प्रगति और करदाताओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाते हैं।
भूपेंद्र सवन्नी ने भरोसा दिलाया कि 22 सितंबर से लागू सुधारों का लाभ हर घर तक पहुँचे, इसके लिए सरकार और विभाग विशेष निगरानी करेंगे।
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, जिला भाजपा अध्यक्ष अरुण धर दीवान, खरसिया नपा अध्यक्ष कमल गर्ग, वरिष्ठ भाजपा नेता गुरुपाल भल्ला, विवेक रंजन सिन्हा, श्रीकांत सोमवार, सतीश बेहरा, जतिन साव, विकास केडिया और अनुपम पाल मौजूद रहे।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
