छत्तीसगढ़ में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही रस्साकसी के बीच गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का बयान इन दिनों काफी चर्चा में हैं। प्रदेश में चल रही सियासी खींचतान के बीच ताम्रध्वज साहू ने बड़ा बयान दिया है। गृहमंत्री ने कहा कि अभी भूपेश बघेल मुख्यमंत्री हैं और वहीं इस पद पर बने रहेंगे। बता दें कि तीन साल पहले जब प्रदेश में कांग्रेस ने भारी बहुमत से एंट्री मारी थी उस वक्त साहू ने भी सीएम पद की दावेदारी की थी।

गृहमंत्री साहू रविवार को पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जो एक बार मुख्यमंत्री बन गया वही पूरे समय रहता है। हर राज्य की अलग अलग परिस्थिति होती है। कहीं चार महीने में मुख्यमंत्री हट जाता हैं और कहीं 15 साल तक नहीं हटता। मुख्यमंत्री बघेल एवं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बीच ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री के पद को लेकर चल रही रस्साकशी में ताम्रध्वज पहले ऐसे मंत्री हैं, जिसने खुलकर सीएम भूपेश के मुख्यमंत्री बने रहने का बयान दिया है।

दो की लड़ाई में कहीं तीसरा बाजी न मार ले!

इससे पहले भी दो अन्य मंत्री रविंद्र चौबे और अमरजीत भगत भी बघेल के साथ खुलकर खड़े नजर आए हैं। हालांकि उन्होंने बघेल के पद पर बने रहने को लेकर साफ-साफ कुछ नहीं कहा है। लेकिन इसी बीच गृहमंत्री के इस बयान को राजनीतिक गलियारे में काफी अहम माना जा रहा है और हैरानी भी जताई जा रही है। क्योंकि ऐसी बातें भी सामने आ रही है कि दो लोगों के बीच के विवाद का फायदा उठाने के लिए ताम्रध्वज साहू लॉबिंग कर रहे हैं।