रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश के बाद दुर्ग पुलिस हुक्का बार चलाने और उसका सामान बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सुपेला पुलिस ने रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जो किराना दुकान की आड़ में हुक्का, उसकी तंबाकू और अन्य सामान बेचता था। मौके से पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 पैकेट तंबाकू, फ्लेवर, पाइप और कोयला आदि जब्त किया है।


सुपेला टीआई सुरेश ध्रुव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि खम्हरीया दीनदयाल कॉम्प्लेक्स में एक व्यक्ति किराए की दुकान लेकर किराना दुकान चलाता है। वह किराना दुकान की आड़ में हुक्का, तंबाकू और उससे जुड़ा अन्य सामान बेचता है। पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करके आरोपी प्रदीप साहू को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दीनदयाल कॉलोनी में पीजी रहकर पढ़ने वाले लड़के और लड़कियों में हुक्का और उसकी सामग्री की अच्छी खासी डिमांड है। इसी डिमांड को देखकर उसने हुक्का का सामान भी रखना शुरू कर दिया था। पुलिस ने आरोपी प्रदीप साहू के खिलाफ धारा 8, 11 ध्रूमपान निषेद अधिनियम व ध्रुमपान न करने वालों की स्वास्थ्य प्रतिरक्षा निषेद अधिनियम के तहत जुर्म दर्ज कर कार्रवाई की है।