भिलाई में एक युवक ने चरित्र शंका को लेकर अपनी पत्नी को आग के हवाले कर दिया। आग की लपटों में घिरी महिला खुद को बचाने के लिए बाथरूम की तरफ भागी और अंदर से बंद कर नल के नीचे बैठ गई। जब तक उसकी आग बुझती वह 50 प्रतिशत झुलस चुकी थी। यह पूरा मामला सुपेला क्षेत्र फरीदनगर का बताया जा रहा है।

सुपेला टीआई सुरेश ध्रुव ने बताया कि फरीदनगर निवासी साजिद खान दोपहर अपने घर पंहुचा और अपनी पत्नी पर चरित्र शंका को लेकर झगड़ा करने लगा। उसकी पत्नी नाजनीन निशा (32) ने उसे काफी समझाया, लेकिन वह नहीं माना। जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ और पति ने गुस्से में आकर पत्नी से मारपीट करने लगा। इसके बाद वह घर के अंदर से पेट्रोल से भरा डिब्बा लेकर आया और नाजनीन के ऊपर उड़ेल दिया। इसके बाद उसने माचिस से आग लगा दी। देखते ही देखते नाजनीन आग की लपटों में घिर गई और चीखते-चिल्लाते हुए बाथरूम के अंदर भागी और अपने आपको बचाने के लिए नल के नीचे बैठ गई। इससे आग तो बुझ गई, लेकिन नाजनीन अधिक झुलस जाने से वहीं बेहोश होकर गिर गई।

शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

चीख पुकार सुनकर पड़ोसी तुरंत साजिद के घर पहुंचे। जहा उन्होंने नाजनीन को बाथरूम से बाहर निकाला और लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत गंभीर बताते हुए उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टर के मुताबिक वह करीब 50 प्रतिशत जल चुकी है।