भारत ने बढ़ाया बड़ा कदम: रुपये में होगा ब्रिक्स देशों का व्यापार

भारत ने वैश्विक वित्तीय व्यवस्था को नया मोड़ देने वाला कदम उठाया है। अब ब्रिक्स देशों को आपसी व्यापार 100% भारतीय रुपये में निपटाने की छूट मिल गई है। इस फैसले से डॉलर की पकड़ कमजोर होगी और रुपये का वैश्विक प्रभाव तेजी से बढ़ेगा।

ब्रिक्स का आर्थिक साम्राज्य

ब्रिक्स देशों की संयुक्त आबादी लगभग 300 करोड़ है और इनकी अर्थव्यवस्था करीब 24 ट्रिलियन डॉलर की है। इतने विशाल आर्थिक समूह में यदि व्यापार डॉलर की जगह रुपये में होने लगे तो भारत की मुद्रा अंतरराष्ट्रीय व्यापार में एक मजबूत विकल्प बन सकती है।

आरबीआई का सर्कुलर और बदलाव

भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने हाल ही में एक सर्कुलर जारी किया है, जिसके तहत बैंकों को बिना पूर्व अनुमति के वोस्ट्रो खाते खोलने की छूट दी गई है। इससे विदेशी कंपनियाँ आसानी से भारतीय रुपये में लेन-देन कर सकेंगी और कारोबारियों को डॉलर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

अमेरिका को सीधा झटका

यह सर्कुलर उस समय आया है जब अमेरिका ने भारत पर 50% टैरिफ लगाया। इसे मोदी सरकार की एक रणनीतिक चाल माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य रुपये को मजबूत बनाना और डॉलर पर निर्भरता घटाना है। विश्लेषकों का कहना है कि इस कदम से अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर की बादशाहत और तेजी से कम हो सकती है।

क्या है वोस्ट्रो खाता?

वोस्ट्रो खाता एक बैंकिंग व्यवस्था है, जिसमें कोई घरेलू बैंक विदेशी बैंक की ओर से स्थानीय मुद्रा (यहाँ रुपये) में खाता रखता है। उदाहरण के लिए, यदि किसी अमेरिकी बैंक का भारतीय बैंक में वोस्ट्रो खाता है, तो भारतीय बैंक उस अमेरिकी बैंक की ओर से रुपये का प्रबंधन करता है। इससे विदेशी कंपनियाँ सीधे रुपये में व्यापार कर सकती हैं।

क्यों है यह फैसला ऐतिहासिक?

  • डॉलर पर निर्भरता घटेगी
  • रुपये का अंतरराष्ट्रीय उपयोग बढ़ेगा
  • भारत के आयात-निर्यात को बढ़ावा मिलेगा
  • ब्रिक्स देशों में भारत की साख और मजबूत होगी