छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर नारायणपुर के एसपी उदय किरण को पद से हटा दिया गया है। उदय किरण पर उनके ड्राइवर ने मारपीट का आरोप लगाया था। उदय किरण को मुख्यालय में अटैच किया गया है।
सीएम भूपेश ने एक ट्वीट में कहा है कि पुलिस अधिकारियों से अपेक्षा होती है कि वे अपराधियों से सख्त व्यवहार करें, लेकिन अमर्यादित होकर मातहत कर्मचारी के साथ मारपीट करना क्षमा योग्य नहीं है। असंयमित व्यवहार करने वाले नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक को हटाने के निर्देश जारी किए गए हैं। गिरजा शंकर जायसवाल को नारायणपुर का नया एसपी बनाया गया है।

गाड़ी साफ की थी तो कर दी पिटाई

ड्राइवर जेललाल नेताम ने आरोप लगाया है कि एसपी ने कार की सफाई नहीं होने को लेकर उसकी पिटाई कर दी थी। नेताम ने बातचीत में कहा कि सुबह जब वह अधिकारी के पास पहुंचा तब वह कार की सफाई नहीं होने पर नाराज हो गए और उसकी पिटाई कर दी। अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि पहली नजर में नेताम के शरीर पर कोई चोट नजर नहीं आ रही है। उसकी हालत स्थिर है और उसे निगरानी में रखा गया है।

एसपी का आरोपों से इनकार

इस मामले में एसपी ने आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि उन्होंने वाहन चालक को सिर्फ फटकार लगाई है। उदय किरण 2015 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। उन्होंने दावा किया है कि उन्होंने नेताम को ठीक तरह से काम करने के लिए केवल फटकार लगाई है।