रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग रवाना होने से पहले रायपुर एयरपोर्ट पर प्रेस से चर्चा के दौरान झीरम की जांच रिपोट्र को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि आयोग का कार्यकाल पूरा हो चुका था। सीएम ने बताया था कि रिपोर्ट अभी अधूरी है। ऐसे में उस पर विचार कर निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत जल्द इसका फैसला हो जाएगा। न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में न्यायिक जांच आयोग ने 6 नवंबर को अपनी रिपोर्ट राज्यपाल अनुसुईया उइके को सौंपी है।

पिछले दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि आयोग ने सितंबर में जांच को अधूरा बताते हुए कार्यकाल बढ़ाने का आग्रह किया था। उसी बीच न्यायमूर्ति प्रशांत मिश्रा का तबादला आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद पर हो गया। सरकार अभी विधि विभाग से इस पर अभिमत ले रही थी कि न्यायाधीश के ट्रांसफर के बाद अधूरी जांच को पूरा करने का क्या विकल्प है। इस पर फैसला होने से पहले ही पता चला कि आयोग की रिपोर्ट राज्यपाल को सौंप दी गई। माना जा रहा है कि आयोग की रिपोर्ट देखने के बाद सरकार किसी नतीजे पर पहुंचेगी। फिलहाल ये रिपोर्ट अभी भी राजभवन में ही है। फिलहाल कांग्रेस इस मामले में नए सिरे से जांच की मांग कर रही है