फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का गाना ‘सरके चुनर’ इन दिनों विवादों में घिरा हुआ है। गाने के कुछ बोलों को लेकर सोशल मीडिया पर नाराजगी देखने को मिली, वहीं अभिनेत्री नोरा फतेही को लेकर भी कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। इस बढ़ते विवाद के बीच अब फिल्म के निर्देशक प्रेम ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।
प्रमोशनल स्टंट की बात को किया खारिज
कई यूजर्स ने इस विवाद को फिल्म के प्रमोशन से जोड़कर देखा, लेकिन निर्देशक प्रेम ने इन अटकलों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनका उद्देश्य किसी भी तरह का विवाद खड़ा करना नहीं है। उनके अनुसार, फिल्म एक भावनात्मक कहानी पर आधारित है और ‘सरके चुनर’ गाना सिर्फ मनोरंजन और डांस के लिए तैयार किया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि दक्षिण भारत के कई हिस्सों में इस गाने को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
भाषा की गलतफहमी बनी विवाद की वजह
प्रेम ने गाने के विवाद पर सफाई देते हुए बताया कि इसका मूल संस्करण कन्नड़ भाषा में लिखा गया था। हिंदी में इसके अनुवाद का काम गीतकार रकीब आलम ने किया। उन्होंने स्वीकार किया कि हिंदी भाषा पर उनकी पकड़ सीमित है, जिसके कारण कुछ शब्दों के अर्थ को लेकर विवाद पैदा हुआ। उनका कहना है कि गाने में इस्तेमाल भाषा उनके ग्रामीण परिवेश में आम बोलचाल का हिस्सा है।
निर्माताओं ने किया बदलाव, जताया खेद
विवाद को बढ़ता देख फिल्म निर्माताओं ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाने के विवादित हिस्सों में बदलाव कर दिया है। संशोधित गाने को अब सेंसर बोर्ड के पास भेजा जाएगा। निर्माताओं ने बयान जारी कर कहा कि अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो उन्हें इसका खेद है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि एक छोटे से मुद्दे को जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया।
फिल्म की रिलीज और स्टारकास्ट
‘केडी: द डेविल’ एक पैन-इंडिया एक्शन ड्रामा फिल्म है, जो 1970 के दशक के बैंगलोर की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। फिल्म में ध्रुव सरजा मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी और नोरा फतेही भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। यह फिल्म 30 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
