लद्दाख के दुरबुक इलाके में बुधवार को सेना का काफिला जब चोंगताश की ओर बढ़ रहा था, तभी एक स्कॉर्पियो वाहन पर अचानक भारी चट्टान आ गिरी। यह हादसा सुबह साढ़े ग्यारह बजे हुआ, जिसने सेना के दो बहादुर जवानों की जान ले ली और तीन अधिकारियों को घायल कर दिया।

घटना के तुरंत बाद सेना की रेस्क्यू टीम ने राहत कार्य शुरू किया और घायल जवानों को सुरक्षित बाहर निकाला। शहीदों में लेफ्टिनेंट कर्नल भानु प्रताप सिंह और लांस नायक दफादार दलजीत सिंह शामिल हैं। घायल अधिकारियों को लेह के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और लद्दाख के पीआरओ डिफेंस ने इस घटना की पुष्टि की है और बताया कि हादसे की उच्चस्तरीय जांच चल रही है। सेना ने बलिदानी जवानों को श्रद्धांजलि दी और परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

यह हादसा एक बार फिर यह याद दिलाता है कि सेना के जवान किस कठिन परिस्थितियों में देश की रक्षा करते हैं। उनके साहस और समर्पण को सलाम।