अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर स्थित लाल बहादुर शास्त्री मिनी स्टेडियम में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन-2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी की।

मुख्यमंत्री द्वारा जारी की गई इस किस्त के माध्यम से प्रदेश की 69 लाख 48 हजार महिलाओं के बैंक खातों में 641 करोड़ 58 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई। योजना के तहत अब तक कुल 16 हजार 237 करोड़ रुपये महिलाओं को प्रदान किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह योजना महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस योजना का शुभारंभ किया गया था। इसके तहत प्रत्येक पात्र महिला को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। पिछले 25 महीनों से यह सहायता राशि नियमित रूप से लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई जा रही है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कार्यक्रम में कहा कि राज्य सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री की गारंटी को लागू करने के लिए विशेष प्रयास किए गए। वर्तमान में लगभग 70 लाख महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री केदार कश्यप ने भी महिलाओं को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से प्रदेश के विकास को नई गति मिल रही है।

इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।