अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी फिल्मों के लिए पहचान बना चुकीं निर्देशक मीरा नायर अब एक और दमदार प्रोजेक्ट लेकर आ रही हैं। उनकी नई फिल्म ‘अमरी’ इन दिनों काफी चर्चा में है। यह फिल्म भारत की मशहूर चित्रकार अमृता शेर-गिल के जीवन, कला और संघर्ष पर आधारित होगी। खास बात यह है कि इस बहुप्रतीक्षित फिल्म में प्रियंका चोपड़ा भी अहम भूमिका निभाती नजर आ सकती हैं।
फिल्म की स्टारकास्ट काफी मजबूत और दिलचस्प बताई जा रही है। ‘अमरी’ में अभिनेत्री अंजलि शिवरामन अमृता शेर-गिल का किरदार निभाएंगी। वहीं हॉलीवुड अभिनेत्री एमिली वॉटसन उनकी मां मैरी-एंटोनेट के रोल में दिखाई देंगी। अभिनेता जयदीप अहलावत अमृता के पिता उमराव सिंह शेर-गिल की भूमिका में होंगे। इसके अलावा जिम सरभ, अंजना वासन और क्रिस्टियन साकवारी भी इस फिल्म का हिस्सा हैं।
प्रियंका चोपड़ा इस फिल्म में मैडम अजूरी नाम के अहम किरदार में नजर आएंगी। इतना ही नहीं, वह इस प्रोजेक्ट से एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के तौर पर भी जुड़ी हुई हैं। मंगलवार को मीरा नायर ने सोशल मीडिया पर फिल्म का फर्स्ट लुक शेयर किया, जिसके बाद से फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
मीरा नायर ने अमृता शेर-गिल की कला और व्यक्तित्व को बेहद प्रेरणादायक बताया है। उन्होंने कहा कि अमृता ने यूरोप में कला की शिक्षा हासिल करने के बाद भारतीय समाज और आम लोगों की भावनाओं को अपनी पेंटिंग्स में जीवंत किया। उनके रंगों का साहस और भारतीय जीवन को चित्रित करने का अंदाज आज भी दुनिया को प्रभावित करता है।
गौरतलब है कि साल 2027 में अमृता शेर-गिल की पेंटिंग्स की अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। यह प्रदर्शनियां पेरिस से शुरू होकर लॉस एंजिल्स, दोहा और नई दिल्ली तक जाएंगी। दिल्ली में उनकी स्थायी प्रदर्शनी लगाने की भी योजना बनाई जा रही है। ऐसे में ‘अमरी’ सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि भारतीय कला और संस्कृति को वैश्विक मंच पर पेश करने वाला बड़ा सिनेमाई प्रोजेक्ट माना जा रहा है।
