मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम एक बार फिर आम नागरिकों के लिए राहत का भरोसेमंद मंच साबित हुआ। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से पहुंचे जरूरतमंदों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रायपुर के तात्यापारा वार्ड निवासी 60 वर्षीय श्रमिक हनुमंत राव ने जनदर्शन में बताया कि माता-पिता के निधन के बाद उनका नाम राशन कार्ड से हट गया, जिससे वे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे थे। मुख्यमंत्री ने मामले को संज्ञान में लेते हुए अधिकारियों को तुरंत नया राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए, जिससे उन्हें खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ फिर से मिल सकेगा।
जनदर्शन में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण को भी प्राथमिकता दी गई। आरंग के भारत साहू और खमतराई के जीवन दास मानिकपुरी को बैटरी चालित ट्राइसिकल प्रदान की गई, जबकि मोवा निवासी चंदू यादव को ट्राइसिकल और सुमन साहू को व्हीलचेयर सौंपी गई। इसके साथ ही रायपुर के सागर नायक और उमेश पटेल को श्रवण यंत्र उपलब्ध कराकर उनकी दैनिक जरूरतों को आसान बनाया गया।
इसके अतिरिक्त, महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के ग्राम बड़ेटेमरी की निवासी बसंती साव को मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता योजना के तहत 5 लाख रुपये की सहायता राशि तत्काल स्वीकृत की गई। गंभीर बीमारी से जूझ रहीं बसंती साव के इलाज में यह आर्थिक सहायता जीवनदायिनी साबित होगी।
जनदर्शन कार्यक्रम शासन की संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता और जनकल्याणकारी सोच का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
