रायपुर। नाइजीरिया से 10 सदस्यीय कलाकारों का दल आज रायपुर पहुंच गया है। कलाकारों के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रदेश के संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने राज्य सरकार की ओर से उनका आत्मीय स्वागत किया। विदेशी कलाकारों की यह पहली टीम है जो छत्तीसगढ़ पहुंची है। इसके साथ ही राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए कलाकारों के आने का सिलसिला आज से शुरू हो गया है। इस महोत्सव में भाग लेने वाली सभी टीम 27 अक्टूबर तक पहुंच जाएगी। 28 अक्टूबर को इन दलों के मार्चपास्ट के साथ भव्य एवं आकर्षक राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आगाज होगा।

नाइजीरिया के कलाकारों ने रायपुर एयरपोर्ट पहुंचते ही छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया बोलकर अभिवादन स्वीकार किया। नाइजीरिया कला दल के प्रमुख ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के माध्यम से आदिवासी कला संस्कृति एवं परंपरा को सहेजने और उनके संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। हम सब राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए काफी उत्साहित हैं। राष्ट्रीय उत्सव में विभिन्न देशों एवं राज्यों के कलाकारों के शामिल होने से यह कार्यक्रम काफी मनोरंजक होगा।

फिलिस्तीन की टीम भी रवाना

छत्तीसगढ़ में 28 से 30 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में भाग लेने के लिए अलग-अलग देशों से कला समूहों का आना शुरू हो गया है। इसी सिलसिले में फिलीस्तीन से अवतार सांस्कृतिक केन्द्र का दाबके कला समूह भी भारत आने के लिए रवाना हो गया हैं। इस संबंध में फिलीस्तीन के रामल्ला शहर में स्थित भारत के प्रतिनिधि कार्यालय ने ट्वीट कर जानकारी दी है।