० स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया विज्ञापन
रायपुर। छत्तीसगढ़ में करीब सालभर पहले डॉक्टरों (चिकित्सा अधिकारी) के 300 खाली पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पर हाईकोर्ट की रोक के बाद सरकार ने उन 300 पदों के स्थान पर 143 अन्य बैकलॉग पदों के लिए भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। सरकार का मानना है कि इन पदों पर शीघ्र भर्ती की जरूरत को देखते हुए नए सिरे से आवदेन आमंत्रित किए गए हैं। खास बात ये है कि जिन लोगों ने पूर्व में 300 पदों के लिए आवेदन किए थे, उन्हें फिर से नया आवेदन देना होगा।

गौरतलब है, संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं छत्तीसगढ़ ने पिछले साल 14 अक्टूबर को सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत चिकित्सा अधिकारी के 300 खाली पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। इस विज्ञापन के विरुद्ध बिलासपुर हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गई थी। याचिका में छत्तीसगढ़ चिकित्सा अधिकारी राजपत्रित सेवा भर्ती नियम 213 के नियम 6 के उपनियम के तहत प्रतियोगी परीक्षा और या साक्षात्कार के माध्यम से चयन करने के प्रावधान का हवाला देते हुए भर्ती के विज्ञापन को चुनौती दी गई थी।इस याचिका पर सुनवाई करने के बाद हाईकोर्ट ने याचिका में अंतरित आदेश पारित कर फिलहाल भर्ती पर रोक का आदेश जारी किया था। लेकिन इस याचिका का निराकरण अब तक नहीं हो पाया है। इस प्रक्रिया में करीब एक साल का समय बीत चुका है। शासन को लगता है कि इसमें अभी कुछ और समय लगने की संभावना है।

जल्दी पद भरने की जरूरत

300 डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया में अदालती रोक लगने के कारण अब तक भर्ती नहीं हो पाई है। सरकार का मानना है कि इन पदों को शीघ्र भरने की आवश्यकता है। इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने 14 अक्टूबर 2020 को जारी विज्ञापन निरस्त कर दिया है। इसके साथ ही भर्ती नियम छत्तीसगढ़ चिकित्सा अधिकारी राजपत्रित सेवा भर्ती नियम 2013 में दी गई चयन प्रक्रिया के अनुरूप पूर्व में जारी 300 पदों के अलावा नए 143 पदों, जिनमें बैकलॉग पद भी शामिल हैं, के लिए नया विज्ञापन जारी किया है।

फिर से करना होगा आवेदन

राज्य सरकार ने अदालती रोक के मद्देनजर पूर्व में जारी विज्ञापन को निरस्त करने के साथ ही नए विज्ञापन के माध्यम से 443 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू करते हुए साफ किया है कि जिन लोगों ने पिछले साल अक्टूबर में 300 पदों के लिए विज्ञापन के संदर्भ में आवेदन किए थे, उन्हे नए सिरे से नया आवेदन देना होगा।

अब इतने पदों पर होगी भर्ती

राज्य सरकार डॉक्टरों की भर्ती के लिए जो नया विज्ञापन जारी करने की तैयारी में है, उसमें अब कुल 443 पद हैं। इनमें से 237 पद अनारक्षित हैं। अजा के लिए 69, अजजा के लिए 114, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 23 के साथ कुल मिलाकर 443 पदों पर भर्ती होगी। कुल रिक्त पदों के विरुद्ध वर्गवार महिलाओं के लिए पद आरक्षित हैं। इसके साथ ही खाली पदों पर निशक्तजनों के लिए भी आरक्षण दिया जाएगा।

तीन साल के लिए होगा प्रोबेशन

443 डॉक्टरों के पदों के लिए नियुक्तियां तीन साल के प्रोबेशन के आधार पर होंगी। ये पद चिकित्सा अधिकारी के द्वितीय श्रेणी के होंगे। इनके लिए एमबीबीएस उपाधि या भारतीय चिकित्सा परिषद द्वारा मान्यता प्राप्त समकक्ष उपाधि केवल एलोपैथी में मान्य होगी। अभ्यर्थी का छत्तीसगढ़ मेडिकल कौंसिल में जीवित पंजीयन होना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन 23 सितंबर से 12 अक्टूबर के बीच लिए जाएंगे। अनारक्षित आवेदनों से आवेदन शुल्क 500 रुपए, आरक्षित वर्ग से 400 रुपए लिए जाएंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थी की आयु 21 वर्ष से कम तथा 35 से अधिक नहीं होनी चाहिए। छत्तीसगढ़ के निवासियों को 35 साल से उपर की स्थिति में पांच साल की छूट दी जाएगी। शासन द्वारा आयु संबंधी मामले में दी गई अन्य सभी छूट मिलाकर 45 वर्ष से अधिक आयु वालों को नहीं लिया जाएगा।