मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार शाम अपने रायपुर निवास स्थित औषधालय में आयोजित कार्यक्रम में अमेरिका में बसे छत्तीसगढ़ के अप्रवासी भारतीयों के सामाजिक संगठन ‘छत्तीसगढ़ एसोसिएशन फॉर नॉर्थ अमेरिका‘ (चाना) की ओर से प्रदत्त 12 मेडिट्रॉनिक्स वेंटिलेटर्स स्वास्थ्य विभाग को सौंपा। सीएम भूपेश ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि प्रदेश के जिन जिलों में वेंटिलेटर्स की जरूरत है, उन जिलों में ये वेन्टिलेटर्स आवश्यकता अनुसार भेजे जाएं। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ को वेंटिलेटर्स उपलब्ध कराने के लिए चाना के पदाधिकारियों और सदस्यों को धन्यवाद दिया।
सीएम ने ट्वीट किया-
अपने तो अपने होते हैं!
अमेरिका के सेन फ्रांसिस्को में बसे छत्तीसगढ़ के अप्रवासी भारतीयों ने 12 नग मेडिट्रॉनिक्स भेजे हैं, जिन्हें मैंने स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया है।
छत्तीसगढ़ को वेंटिलेटर्स उपलब्ध कराने के लिए आप सभी को धन्यवाद।
चाना ने दिया दान
सीएम ने अपने अमेरिका प्रवास के दौरान चाना के सदस्यों से मुलाकात की थी। संगठन के सदस्यों द्वारा राशि एकत्र कर कोविड-19 की सम्भावित तीसरी लहर के रोकथाम और नियंत्रण हेतु ये वेंटिलेटर्स छत्तीसगढ़ सरकार के स्वास्थ्य विभाग को दान किये गए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से प्रदेश में कोरोना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। आयुक्त स्वास्थ्य सीआर प्रसन्ना ने मुख्यमंत्री बघेल को बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 1072 वेंटिलेटर, 19741 डी टाइप जम्बो ऑक्सीजन सिलेण्डर, 8374 ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर, 6445 बी टाइप ऑक्सीजन सिलेण्डर और राज्य में 25 स्थानों पर ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट स्थापित हैं तथा 24 अन्य जगहों पर इनकी स्थापना प्रक्रियाधीन है।
इन जगहों पर भेजे जाएंगे वेंटिलेटर
चाना की ओर से मिले वेंटिलेटर्स में 2 वेंटिलेटर्स मेडिकल कॉलेज महासमुंद, 2 वेंटिलेटर्स मेडिकल कॉलेज कोरबा, 2 वेंटिलेटर्स मेडिकल कॉलेज कांकेर, 2 वेंटिलेटर्स चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज दुर्ग 2 वेंटिलेटर्स जिला अस्पताल मुंगेली और 2 वेंटिलेटर्स गौरेला-पेंड्रा-मरवाही भेजे जाएंगे।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
