पाकिस्तान से रायपुर तक फैला हेरोइन तस्करी का जाल

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का खुलासा किया है। कमल विहार सेक्टर-4 में छापेमारी कर 412 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये है।

पुलिस को मिला गुप्त इनपुट, शुरू हुई जांच

पुलिस को जानकारी मिली कि पाकिस्तान से हेरोइन पंजाब के रास्ते रायपुर भेजी जा रही है। जानकारी को गंभीरता से लेते हुए आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई।

क्राइम ब्रांच एएसपी संदीप मित्तल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया और पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।

तस्कर हाईटेक तकनीक से कर रहे थे ऑपरेशन

मुख्य आरोपी लवजीत सिंह उर्फ बंटी ने वर्चुअल नंबरों और इंटरनेट कॉलिंग के जरिए संपर्क बनाए रखा था। वह लोकेशन शेयरिंग और डिजिटल मनी ट्रांसफर से जांच एजेंसियों को चकमा देता था।

3 अगस्त को रायपुर पुलिस ने कमल विहार स्थित मकान पर छापा मारा, जहां से तीन मुख्य आरोपी लवजीत सिंह, सुवित श्रीवास्तव और अश्वन चंद्रवंशी को पकड़ा गया। इनकी निशानदेही पर 6 और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।

गिरफ्तार आरोपी और उनकी जिम्मेदारियाँ

  • लवजीत सिंह – पंजाब का निवासी, मुख्य अंतरराष्ट्रीय तस्कर
  • सुवित श्रीवास्तव – रायपुर नेटवर्क प्रमुख
  • अश्वन चंद्रवंशी – स्थानीय सहयोगी
  • अन्य आरोपी – लक्ष्य राघव, अनिकेत मालाधरे, मनोज सेठ, मुकेश सिंह, जुनैद खान, राजविंदर सिंह

जांच में सामने आए अंतरराष्ट्रीय लिंक

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पाकिस्तान से सीधे हेरोइन मंगवाता था और उसे पंजाब के रास्ते रायपुर तक पहुंचाता था। करोड़ों रुपये का ट्रांजैक्शन और म्यूल अकाउंट्स के उपयोग के सबूत भी मिले हैं।

जल्द और गिरफ्तारी संभव, टीम को मिलेगा सम्मान

पुलिस का कहना है कि अभी कई लिंक की जांच जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। रायपुर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई पर पुलिस महानिदेशक ने पूरी टीम को बधाई दी है और पुरस्कार की अनुशंसा की है।