रायपुर। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नोबेल पुरस्कार विजेता डॉ. अभिजीत बनर्जी छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने वाले पंडित जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शिक्षा सम्मेलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वे राज्य और अर्थशास्त्र की नवीन शैक्षिक गतिविधियों पर अपने किए गए शोध और प्रयोगा को साझा करेंगे।

दो दिवसीय इस शिक्षा सम्मेलन का उद्देश्य स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में देश के विभन्न हिस्सों में किए जा रहे नए प्रयोगों को साझा करने के लिए एक मंच देना है। राज्य के स्कूली शिक्षा संयुक्त सचिव राजेश सिंह राणा ने बताया कि इस सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए स्कूल शिक्षा विभाग भी सहयोग है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।

ये होंगे चर्चा का विषय

कार्यक्रम में कल के स्कूल की पुनर्कल्पना, 21वीं सदी के लिए व्यावसायिक शिक्षा और उद्यमिता मानसिकता, ऑनलाइन सीखने का भविष्य बेहतर बनाना: महामारी से सबक, नेताओं के रूप में शिक्षक, बड़े पैमाने पर शासन सुधार और प्रारंभिक सुदृढ़ीकरण जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

प्रदर्शनी का होगा आयोजन

राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए अभिनव कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए दूसरे राज्यों से शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले शिक्षाविदों और शिक्षकों को भी अपनी नवीन शिक्षण विधियों को प्रदर्शित करने के लिए आमंत्रित किया गया है।