रायपुर। सस्ती दवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने श्री धन्वंतरी मेडिकल स्टोर की शुरुआत की है। मेडिकल स्टोर की इस श्रृंखला का संचालन 20 अक्टूबर से राज्य के 25 जिलों के 84 क्षेत्रों में किया जा रहा है। जेनेरिक दवाईयां सस्ती होने के कारण दूर दराज के लोगों को भी आकर्षित कर रही है।

रायपुर के अमलीडीह स्थित श्री धनवंतरी मेडिकल स्टोर के संचालक लाल बहादुर पटेल ने बताया कि इस योजना को लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। उन्होंने बताया कि हर मोहल्ले हर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर रहता ही है, लेकिन लोग अपने क्षेत्र के मेडिकल स्टोर न जाकर सस्ती दवाईयों के लिए यहां तक आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि किसी न किसी दवाई की जरूरत हर किसी को पड़ती ही है, इसलिए लोग महंगी दवाईयों की जगह जेनेरिक दवाईयों के लिए यहां तक आ रहे हैं।

20 रुपये का ओआरएस 7 रुपये में

शदाणी दरबार निवासी घनश्याम पाणिग्रही ने बताया कि वे गले के इन्फेक्शन की दवाई लेने आए थे। उन्हें ये दवाई यहां बाजार के अन्य मेडिकल स्टोर के मुकाबले करीब एक तिहाई कीमत में मिल गई। अमलीडीह के श्री धनवंतरी मेडिकल स्टोर में दवाई लेने आए देवपुरी निवासी हितेश साहू ने कहा कि उन्हें दूसरी जगह 20 रुपये में मिलने वाला ओआरएस 7 रुपये में, 120 रुपये में मिलने वाली ओफलाक्सिन ओर्निडाजोल टेबलेट 55 रुपये में और 11 रुपये की पैरासिटामॉल टेबलेट करीब 4 रुपये में मिल गई।

गरीब तबकों को मिलेगा फायदा

न्यू राजेंद्र नगर निवासी 43 वर्षीय अंकुश जैन ने बताया कि हाई बीपी और कोलेस्ट्रोल की दवाई उन्हें दूसरे ब्रांडेड दवाई की के मुकाबले 40 से 45 प्रतिशत कम में मिल गई। उन्होंने कहा कि राज्य के मुखिया भूपेश बघेल ने लोगों को सस्ती दवाई उपलब्ध कराने के लिए ये अच्छी योजना शुरू की है। निश्चित ही महंगाई के इस दौर में समाज के हर वर्गों, विशेषकर कमजोर वर्गों को इस योजना का ज्यादा फायदा मिलेगा।